रांची: कॉमरेड महेंद्र सिंह की 19वें शहादत दिवस पर महेंद्र सिंह भवन भाकपा माले राज्य कार्यालय में जन संकल्प सभा का आयोजन किया गया। जिसमें रांची शहर से पार्टी कार्यकर्ता, जन संस्कृति मंच, झारखंड निर्माण मजदूर यूनियन,छात्र संगठन आइसा, आदिवासी संघर्ष मोर्चा,ऐपवा झारखंड आंदोलनकारी सहित कई कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। सभा से पूर्व महेंद्र सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और मौन श्रद्धांजलि दी गई।
संकल्प सभा में विभिन्न वक्ताओं ने महेंद्र सिंह की जीवनी, और बलिदान के पहलुओं पर अपनी बात रखी। कहा कि महेंद्र सिंह जन आंदोलन के बदौलत सरकार सत्ता को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने और जनहित के मुद्दों पर काम करने के लिए बाध्य करते थे। सड़क से सदन तक वे जन प्रतिबद्धता का उदाहरण थे। जब आज देश में फासीवादी हमले के कारण संविधान, लोकतंत्र, आजादी खतरे में है, ऐसे में महेंद्र सिंह के रास्ते पर चलने की जरूरत है।
वक्ताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, महिला उत्पीडन मोदी राज में चरम पर है। धर्म जाति के नाम पर देश को बांटा जा रहा है। अधुरे राम मंदिर पर ही प्राण प्रतिष्ठा करवायी जा रही है। चारो पीठ के शंकराचार्यो की सलाह को अनसुना किया जा रहा है ताकि लोकसभा चुनाव के पहले माहौल बनाकर केवल सत्ता पर काबिज हुआ जा सके। जनसंकल्प सभा में 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने और जनता के बुनियादी समस्याओं का समाधान करने वाली सरकार के लिए हमें संकल्प लेना है।
सभा को जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि भूषण, भाकपा-माले के वरिष्ट नेता जनार्दन प्रसाद, मोहन दत्ता, आदिवासी संघर्ष मोर्चा के जेवियर कुजुर, आइसा नेता त्रिलोकीनाथ, मजदूर नेता भीम साव, झारखंड आंदोलनकारी पुष्कर महतो, किसान सभा के प्रमोद साहू, मासस के सुशांतो, पवन पांडेय, जय शंकर चौधरी, सुदामा खल्को, सुशीला तिग्गा, आइति तिर्की, सिनगी खल्को, मंजु, सरिता तिग्गा, दयाल चंद पंडित, दिवाकर साहू आदि वक्ताओं ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता विनोद लहरी ने की।