हत्या से आक्रोशित लोगों ने विरोध में किया सड़क जाम 

भाजपा और आजसू ने गुरुवार को बुलाया रांची बंद 

रांची: कांके में भाजपा नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता अनिल टाइगर को बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना बुधवार दोपहर तकरीबन 03:30 की बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार कांके चौक के पास बाइक पर पहुंचे अपराधियों ने अनिल टाइगर को करीब से गोली मार दिया। वारदात को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले। गोली अनिल टाइगर के सिर में करीब से मारी गई। आनन-फानन में उन्हें रिम्स ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

अनिल टाइगर की हत्या से गुस्साए लोगों ने कांके चौक पर सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान देर शाम तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। घटना के विरोध में कल गुरुवार को भाजपा, आजसू और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रांची बंद का आह्वान किया है।

इधर, घटना के बाद पुलिस अपराधियों की धर-पकड़ के प्रयास में जुट गई। पुलिस द्वारा एक अभियुक्त की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद किए जाने की जानकारी मिल रही है। मामले के पीछे जमीन विवाद की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

बताते चलें कि अनिल टाइगर भाजपा रांची ग्रामीण जिला के महामंत्री थे। उनकी हत्या की सूचना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित कई नेता रिम्स पहुंचे। जहां उन्होंने घटना की जानकारी ली। वहीं नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

By Admin

error: Content is protected !!