• उपायुक्त ऋतुराज ने चितरपुर का किया दौरा, राजस्व शिविर में हुए शामिल
रामगढ: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने सोमवार को चितरपुर प्रखंड का दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने राजस्व शिविर, प्रखंड सह अंचल कार्यालय और बाल विकास कार्यालय की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उपायुक्त ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर में अधिकतम आवेदनों का निपटारा मौके पर ही किया जाए। जिन मामलों का निष्पादन तुरंत संभव नहीं, उनके लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए। अवसर पर उपायुक् ने दाखिल-खारिज से जुड़े प्रमाण पत्र भी वितरित किए। दौरे में भूमि सुधार उप समाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर और प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता भी शामिल रहे।

कार्यालय में मिलीं गंभीर अनियमितताएं
प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण में अभिलेखों का संधारण बेहद खराब पाया गया। महत्वपूर्ण पंजियां और दस्तावेज निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। उपायुक्त ने इस पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अनुपालन नहीं हुआ। इसे प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए उपायुक्त ने प्रखंड, अंचल और बाल विकास कार्यालय के सभी अधिकारियों-कर्मियों का अगले आदेश तक वेतन बंद करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने एक सप्ताह का दिया अल्टीमेटम
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों में सुधार किया जाए। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजनों को बेहतर प्रशासनिक सेवा देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
