भुरकुंडा: सीसीएल सौंदा डी प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के लोगों को सीसीएल के क्वार्टरों में अवैध कब्जा और जमीन पर अतिक्रमण से संबंधित नोटिस दिया जा रहा है। जिसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। बिना ग्राम सभा और पुनर्वास पर बात किए बगैर नोटिस दिए जाने के विरोध में सौंदा बस्ती टिपला के लोगों ने सौंदा ‘डी’ परियोजना कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में लोगों ने धरना-प्रदर्शन करते हुए सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आनेवाले दिनों में आर-पार की लड़ाई लड़ने की बात कही। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे कई पीढ़ियों से यहां बसे हुए हैं। उनकी रोजी-रोटी यहीं से जुड़ी हुई है। उजाड़ने पर उनका जीवन दुभर हो जाएगा। प्रदर्शन के क्रम में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और मांडू विधायक निर्मल महतो पहुंचे और स्थानीय लोगों के संघर्ष में पूरा साथ देने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत परियोजना पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंप हटाने से पहले बसाने और बिना ग्राम सभा नोटिस नहीं देने की मांग की गई। मौके पर विक्रांत साहू, मिथुन कुमार, शशिकांत प्रसाद, अशोक बाउरी, रूपेश, अमर, पवन, सुनील, सूरज, छोटू, बबलू, पूजा, सरिता, लक्ष्मी सहित सैंकड़ों लोग शामिल थे।
