शहरी क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नगर परिषद रामगढ़ अध्यक्ष कुसमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता और सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क एवं नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शहरी क्षेत्र में विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर एवं सुगम नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डों की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें। 

उपायुक्त ने सभी को अपने-अपने क्षेत्र में खाली पड़े सरकारी भूमि की पहचान कर उन्हें पार्किंग एरिया के रूप में विकसित करने से संबंधित प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही उपायुक्त ने सभी वार्ड पार्षदों को उनके उनके क्षेत्र में वैसे सरकारी भवन जिनका वर्तमान में उपयोग नहीं हो रहा है से संबंधित प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव नगर परिषद के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यकतानुसार कार्यों की प्राथमिकता तय करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराया जा सके।

बैठक में शहरी क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित कचरा उठाव, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, नालियों की सफाई एवं कचरे के उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नगर परिषद के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया गया। वहीं गर्मी और बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति से संबंधित समस्याएं हैं, उनका त्वरित समाधान किया जाए। 

बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क, नाली, जलजमाव एवं स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा गया। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालियों की नियमित सफाई एवं आवश्यकतानुसार नाली निर्माण का कार्य किया जाए। साथ ही, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। 

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से आम नागरिकों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर परिषद के पदाधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!