रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड अंतर्गत संचालित टोकीसूद जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने योजना के तहत चल रहे कार्यों, जलापूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन विस्तार, जल भंडारण एवं रेट्रोफिटिंग कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने योजना के विभिन्न घटकों का जायजा लेते हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पाया कि योजना अंतर्गत कुछ रेट्रोफिटिंग कार्य अभी लंबित हैं, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगामी 15 दिनों के अंदर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि आमजनों को सुचारू एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। जलापूर्ति योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी करने तथा तय समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल,प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।
