रामगढ़: पुलिस उप-महानिरीक्षक हजारीबाग क्षेत्र अंजनी कुमार झा मंगलवार को रामगढ़ पहुंचे। जिला पुलिस मुख्यालय में उनके आगमन पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और सहायक अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस उप-महानिरीक्षक ने बैठक कर संगठित अपराधिक गिरोह के द्वारा जनवरी 2026 से अब तक की गई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना और ओपी प्रभारियों और अनुसंधानकर्ताओं के साथ फायरिंग, आगजनी, पोस्टरबाजी, धमकी भरे कॉल से संबंधित सभी लंबित मामलों की कांडवार समीक्षा की।
वहीं बैठक के दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पुलिस निरीक्षकों सहित सभी थाना और ओपी प्रभारियों को संगठित अपराध को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गिरोहों द्वारा धमकी दिए जाने के मामले में अविलंब प्राथमिकी दर्ज करने। गिरोहों को सूचना देनेवाले स्थानीय लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करने। प्रतिदिन जगह बदलकर एंटी क्राइम चेकिंग करने, आसूचना तंत्र को मजबूत करने, फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी कर न्यायालय ने प्रस्तुत करने, संगठित अपराधिक गिरोह के विरुद्ध कुर्की जब्ति की कार्रवाई करने, ई-प्रीजन के माध्यम से जेल बाहर आए अपराधियों की स्थिति पर निगरानी रखने, संगठित गिरोह के काराधीन अपराधियों के विरूद्ध सीसीए के तहत निरूद्ध की कार्रवाई करने, संगठित अपराधिक गिरोह के सदस्यों का डाटा बेस तैयार करने, संगठित अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने, थाना और ओपी क्षेत्र अंतर्गत प्रवेश मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और वाहनों की चेकिंग करने सहित कई अन्य निर्देश दिए।
