रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल घाटो का शैक्षिक परिभ्रमण कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हुआ। 6 से 14 अक्टूबर तक आयोजित परिभ्रमण में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के लगभग 1400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परिभ्रमण के दौरान सीनियर विद्यार्थियों को साइंस सिटी रांची और ओरमांझी जू ले जाया गया। साइंस सिटी में बच्चों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल देखे, प्रयोगों को समझा और विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया। ओरमांझी जू में उन्होंने वन्यजीवों को करीब से देखा और उनके रहन-सहन के बारे में जानकारी ली।
वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जेआरडी पार्क, पुंडी में खूब मस्ती की, झूलों का आनंद लिया और खेल-खेल में नई बातें सीखीं। मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर बच्चों ने पुरस्कार भी जीते। इस दौरान वर्ग शिक्षक और वरिष्ठ शिक्षक लगातार बच्चों के साथ रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सुरक्षा, भोजन और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा।

इधर, शैक्षिक परिभ्रमण से लौटने के बाद बच्चों ने अपनी यात्रा के अनुभवों को रिपोर्ट के रूप में लिखा। बच्चों ने रोमांचक क्षणों, नई जानकारियों और सीख को सहज शब्दों में व्यक्त किया। अवसर पर प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि जब शिक्षा के साथ अनुभव और आनंद जुड़ जाता है तो ज्ञान स्थायी बन जाता है। उन्होंने सहयोग के लिए अभिभावकों और शिक्षकों का आभार जताया।

