रांची: दुर्गा पूजा को लेकर रांची ग्रामीण क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। मंगलवार को लालगुट्टूवा स्थित वेंकट हॉल में नगड़ी, रातू और बेड़ो प्रखंड की विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। लाल जेपीएन शाहदेव और लाल प्रमोद लाल शाहदेव की अगुवाई में हुई बैठक में पूजा आयोजन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कटहल मोड़ से आईटीआई बाजरा तक के क्षेत्र की नई पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की गई। इस दौरान एक स्थान पर बड़े स्तर पर दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर सहमति बनी। आयोजन की रूपरेखा और समिति के स्तर पर आगे की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष तपेश्वर केशरी और महामंत्री बीरेंद्र साहु समेत कई पूजा समितियों के सक्रिय सदस्य बैठक में मौजूद रहे।
बताया गया कि रांची जिले के सभी 18 प्रखंडों की प्रमुख दुर्गा पूजा समितियों से संपर्क कर उनकी राय ली जा रही है। अलग-अलग क्षेत्रों में बैठक और विचार-विमर्श का सिलसिला जारी है। पूजा समितियों के सुझावों को शामिल करने के बाद इसी माह के अंत तक रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति का गठन किए जाने की तैयारी है।
