संकरी गलियों में भी मिस्ट टेक्नोलॉजी से पाया जाएगा आग पर काबू 

रिपोर्ट- एस. अंसारी 

रांची: झारखंड में अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 58 अत्याधुनिक मिनी वाटर टेंडर को हरी झंडी दिखाई। धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान गृह रक्षा वाहिनी परिसर आयोजित समारोह में सर्वप्रथम मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने वाहनों का निरीक्षण कर अधिकारियों से तकनीकी जानकारी ली। साथ ही सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। मौके पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे। इन नए वाहनों की सबसे बड़ी खासियत मिस्ट टेक्नोलॉजी है। कॉम्पैक्ट आकार के कारण ये टेंडर शहरों की संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाकों में आसानी से पहुंच सकेंगे, जहां अब तक बड़े फायर वाहन नहीं जा पाते थे।

अवसर पर होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा के डीजी एम.एस. भाटिया ने बताया कि यह झारखंड फायर सर्विस के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बेड़े में मीडियम वाटर टेंडर, फोम टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और आर्टिकुलेटिंग टावर जैसे उपकरण भी जोड़े जाएंगे।

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि शहरीकरण और ऊंची इमारतों के बढ़ने के साथ आधुनिक फायर सेफ्टी की जरूरत बढ़ी है। छोटे लेकिन तकनीक से लैस ये वाहन राहत और बचाव कार्य को तेज करेंगे। हमारे जवान जान जोखिम में डालकर लोगों की रक्षा करते हैं, इसलिए उन्हें बेहतर संसाधन देना हमारी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसएसपी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

 

By Admin

error: Content is protected !!