पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: राज्यपाल

धनबाद: पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। यह बातें सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में कहीं। अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय पर्यावरण कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि जल और ऊर्जा की बचत जैसे छोटे प्रयास भी पर्यावरण पर बढ़ते दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों, वैज्ञानिकों, चिकित्सकों, उद्योग जगत और आम नागरिकों को मिलकर पर्यावरणीय चुनौतियों का समाधान तलाशना होगा। स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने योग, संतुलित पोषण और रोगों की रोकथाम पर जोर दिया।

राज्यपाल ने आईआईटी (आईएसएम) जैसे तकनीकी संस्थानों से जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में शोध व नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया।