| केरेडारी थाना क्षेत्र के कोले स्टेशन के निकट वारदात को दिया गया था अंजाम |
पति ने रची हत्या की साज़िश, अपनी बांह पर भी चलवाई थी गोली
हजारीबाग: केरेडारी थाना क्षेत्र के कोले स्टेशन के निकट में बीते 26 अप्रैल को हुए मंजू देवी हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मामले में मृतका के पति विकास कुमार प्रजापति, ससुर नरेश प्रजापति और लालेश्वर गंझू को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि रांची जिला अंतर्गत खलारी थाना क्षेत्र के राय निवासी विकास कुमार प्रजापति ने अपने पिता नरेश प्रजापति के साथ मिलकर हत्या की साज़िश रची थी। जबकि सुनील गंझू और लालेश्वर गंझू ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
इस संबंध में हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि बीते 26 अप्रैल को केरेडारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोले स्टेशन के निकट बाइक सवार पति-पत्नी को गोली मारी गई थी। जिसमें इलाज के दौरान पत्नी मंजू देवी की मौत हो गई। जबकि पति विकास कुमार प्रजापति को इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। विकास के फर्द बयान के आधार पर केरेडारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले के त्वरित उद्भेदन और अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर अनुसंधान शुरू किया गया।
अनुसंधान के कम में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पति विकास प्रजापति से सख्ती से पूछताछ की गई। जिसमें उसने बताया कि पत्नी मंजू देवी के कारण घर में अशांति रहती थी। आए दिन पंचायत होता रहता था। जिसपर उसने अपने पिता नरेश प्रजापति और सुनील गंझू के साथ मिलकर मंजू की हत्या की योजना बनाई। हत्या को लूटपाट दिखाने की साज़िश रची गई।
योजना के अनुसार 26 अप्रैल को विकास और मंजू भुरकुंडा से मार्केटिंग कर अपने घर लौट रहे थे। वहीं सुनील गंझू और उसका साथी लालेश्वर गंझू कोले स्टेशन के पास बाइक पर उनका इंतजार कर रहे थे। विकास और मंजू के पहुंचने पर घात लगाए बैठे सुनील गंझू और लालेश्वर गंझू ने देशी कट्टा से मंजू को गोली मार दी। किसी को संदेह ना हो इसके लिए विकास ने अपनी बांह पर भी गोली चलवाई और घायल हो गया।
विकास के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसके पिता नरेश प्रजापति और रांची जिला अंतर्गत बुढ़मू थाना क्षेत्र के हरिलेटा गांव निवासी लालेश्वर गंझू को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों द्वारा घटना के लिए प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है। जबकि अभियुक्त सुनील गंझू फरार है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव पवन कुमार, केरेडारी थाना प्रभारी विवेक कुमार, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार रविदास सदलबल शामिल थे।
