रांची: झारखंड में अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक राज्य में किसी तरह की विशेष मौसम चेतावनी नहीं है। इस अवधि में तेज बारिश, आंधी या वज्रपात का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

राज्य में पिछले दिनों हुई अच्छी बारिश के बाद अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की ओर है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर बादल बनने और हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

रांची में 29 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रांची में 30 सितंबर को अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

1 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री, जबकि 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर के बीच करीब 29 डिग्री रहने का अनुमान है। रात का तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है।

कई जिलों में हुई है अच्छी बारिश

पिछले दिनों रांची समेत झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। 25 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार धनबाद में 128.6 मिमी, गिरिडीह के पालगंज में 105 मिमी और रांची में 102.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

अब बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में धूप निकलने से दिन का तापमान बढ़ सकता है।

मानसून की विदाई के संकेत

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य में किसी बड़े मौसम सिस्टम या खराब मौसम को लेकर चेतावनी नहीं है। इससे मानसून की गतिविधियों के कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, पूरे झारखंड से मानसून की आधिकारिक विदाई को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में सामान्य गर्मी महसूस हो सकती है। अगले कुछ दिनों में मौसम के इसी तरह रहने का अनुमान है।