बड़कागांव (हजारीबाग): विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार अंबा प्रसाद के पक्ष मे गांडेय विधायक सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने चुनावी जनसभा की। जिसमें उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला और झारखंड की महागठबंधन सरकार द्वारा किए कार्यों को जनता के समक्ष रखा। उन्होंने महागठबंधन की प्रत्याशी अंबा प्रसाद को भारी बहुमत से जीत दिलाने की अपील की।
अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने कहा कि भाजपा झारखंड के लोगों में नफ़रत फैलाना चाह रही है। यूपी के मुख्यमंत्री यहां आकर बुलडोजर चलवाने की बात कहते हैं, लेकिन यह यूपी नहीं, झारखंड है। यहां बुलडोजर नहीं महागठबंधन के विकास की गाड़ी चलेगी।
उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े लोग सिर्फ चुनाव के समय आते हैं और चले जाते हैं, जबकि अंबा प्रसाद आपके सुख-दुख में हमेशा साथ रहती है।
वहीं अंबा प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन की सरकार में बड़कागांव के विकास को गति मिली है। राज्य सरकार की योजनाएं गांव-घर तक पहुंच रही हैं। कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है। यहां के लोगों को अब उनका अधिकार और सम्मान मिल रहा है।
जनसभा में झामुमो केंद्रीय सचिव सह मुख्य संयोजक संजीव बेदिया, झामुमो केंद्रीय सदस्य सोनाराम मांझी जिला उपाध्यक्ष संजय करमाली झामुमो प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, जिला सोशल मीडिया प्रभारी संजय भुईयां सरोज मेहता सहित महागठबंधन दलों के कई नेता कार्यकर्ता सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।