वाटर कैनन का प्रयोग, आंसू गैस के गोले भी दागे
रांची: JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर सोमवार को विधानसभा घेराव करने निकले छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर बढ़ते छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे गए और वाटर कैनन का भी प्रयोग किया गया। लाठीचार्ज और भगदड़ में कई प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
सोमवार की सुबह से ही राजधानी के आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी जुटे थे। वे विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने रास्ते में कई स्तरों की बैरिकेडिंग कर रखी थी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने पहले भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन चलाया। इसके बावजूद जब छात्र नहीं रुके तो सुरक्षा के लिए आंसू गैस के 6 गोले दागे गए। इससे कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
क्या है छात्रों की मांग
छात्र JPSC-JSSC समेत राज्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोप, धांधली और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच पहले हुई बातचीत में कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने के बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का फैसला लिया था।
छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा
जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की जमकर निंदा हो रही है। जहां विपक्षी दल भाजपा और आजसू ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, वहीं सत्ता पक्ष के सहयोगी दल कांग्रेस ने भी लाठीचार्ज की निंदा करते हुए किनारा कर लिया है। सोशल मीडिया पर भी लाठीचार्ज पर लोग नाराजगी जता रहे हैं। लाठीचार्ज के विरोध मंगलवार को झारखंड बंद बुलाए जाने की बातें सामने आ रही हैं।
