रामगढ़: पतरातू स्टेशन रोड स्थित स्वाति टेक्स्टाइल में शुक्रवार की शाम भीषण आग लग गई। आगलगी में कोई हताहत नहीं हुआ है। जबकि लाखों रुपए मूल्य के कपड़े जलकर खाक हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार शाम तकरीबन 04:30 बजे आंधी-बारिश शुरू होते ही दो मंजिला स्वाति टेक्स्टाइल के दूसरे तल्ले में किसी तरह आग लग गई। दुकान से निकलता धुआं अचानक आग की लपटों में तब्दील हो गया। आगलगी से अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पानी से आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। बावजूद इसके आग ने भीषण रूप ले लिया। सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मामले की सूचना पर पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। वहीं पुलिस और सीआईएसएफ टीम राहत कार्य में जुट गई। आगलगी की सूचना पर पीवीयूएनएल से फायर ब्रिगेड की तीन और दमकल विभाग रामगढ़ की एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक शाम तकरीबन सात बजे आग बुझाने की कवायद जारी रही। फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि दुकान के दूसरे तल्ले पर रखे लाखों रुपए के कपड़े जलकर खाक हो गए हैं। 

By Admin

error: Content is protected !!