रांची: झारखंड में मौसम अब धीरे-धीरे सर्दी की ओर बढ़ रहा है। रविवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हुई बारिश के बाद सोमवार, 23 नवंबर को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मौसम का यह बदलाव ज्यादा दिनों तक रहने वाला नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 नवंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियां थमने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय कोहरा और रात में गिरता तापमान ठंड का एहसास बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग के 22 नवंबर को जारी बुलेटिन में 23 नवंबर को झारखंड में छिटपुट से कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अगले दिन यानी 24 नवंबर से राज्य में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में फिलहाल लगातार बारिश या सभी जिलों में एकसमान वर्षा की स्थिति नहीं दिख रही है।

सुबह के सफर में कम दृश्यता से रहें सावधान

बारिश के साथ मौसम विभाग ने 23 नवंबर तक झारखंड के कुछ इलाकों में घने कोहरे की आशंका भी जताई है। सुबह के वक्त सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें।

रांची में 11 डिग्री तक जा सकता है न्यूनतम तापमान

राजधानी रांची के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान में 23 नवंबर को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 24 नवंबर को सुबह धुंध के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट का संकेत है। 27 नवंबर तक रांची का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।

फिलहाल मौसम में बदलाव के बीच लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए। कोहरे के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता बरतना भी जरूरी है।