रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के नवनियुक्त प्रवक्ताओं की बैठक बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन महासचिव अमुल्य नीरज खलखो, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी सहित प्रवक्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने आगामी लोकसभा चुनाव-2024 और राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आप सभी नवनियुक्त प्रवक्ताओं पर पार्टी की विचारधारा को इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का जिम्मेवारी है, साथ ही झारखंड की महागठबंधन की सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं किये गये विकास कार्यो को मजबूती के साथ आम लोगों के समक्ष रखना है।

इस दौरान राजेश ठाकुर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए आमजनता को मूल मुद्दों, मूल समस्यायों से ध्यान भटका कर पूरे देश में एक संप्रदायिक माहौल , नफरत का माहौल बनाया जा रहा है, हमारे समक्ष ये बहुत बड़ी चुनौती है कि हम किस तरह से समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं आमजन के मुद्दों को मीडिया के समक्ष रख सकें। महंगाई, रोजगार, किसानों एवं महिलाओं की समस्याओं को जोरदार तरीके से रखें ताकि सत्ता पक्ष के मठाधीश भी इसकी चर्चा के लिए मजबूर हों। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में सभी प्रवक्ताओं को झारखंड के सभी जिलों से संवाद हेतु महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जाएगी।

बैठक में मुख्य रूप से निरंजन पासवान, श्यामल किशोर सिंह, आभा सिन्हा, डॉ संजय सिंह, जगदीश साहु, शमशेर आलम, सोनाल शांति, रिंकू तिवारी, कमल ठाकुर, रियाजुल अंसारी, खुर्शीद हसन रूमी, डॉ बिरसा उरावं, शकील अहमद अंसारी, ऋषीकेश सिंह शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!