सांसद कार्यालय में हुई बैठक, मंडल से बूथ तक समन्वय पर जोर

हजारीबाग: आगामी 3 नवंबर को आहूत ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक शनिवार को झंडा चौक स्थित सांसद कार्यालय में हुई। जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की। 

जिलाध्यक्ष ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी मंडल अध्यक्ष अपने क्षेत्र में बैठक कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। वहीं बरकट्ठा विधायक अमित यादव और बरही विधायक मनोज यादव ने भी कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठनात्मक तैयारियों पर जोर दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम प्रभारी पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने रैली की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह रैली संगठन की एकजुटता का महत्वपूर्ण अवसर है। अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया जाए। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। निकाय चुनाव बैलेट पेपर से होने के बाद भी कांग्रेस शून्य पर रही।

बैठक में जिला प्रभारी किशुन दास सहित प्रदेश, जिला, मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री जय नारायण कुशवाहा ने और धन्यवाद ज्ञापन सर्वेश सिंह ने किया।