रामगढ़: मंत्री श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग सह प्रभारी मंत्री रामगढ़  सत्यानंद भोक्ता ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। इस दौरान माननीय मंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति एवं जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव अंबा प्रसाद, उपायुक्त माधवी मिश्रा, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दिनेश मुंडा, अध्यक्ष जिला परिषद सुधा देवी, अध्यक्ष नगर परिषद युगेश बेदिया, उपाध्यक्ष जिला परिषद रीता देवी, विधायक प्रतिनिधि मांडू नीरज कुमार झा सहित अन्य 20 सूत्री सदस्य उपस्थित हुए।

बैठक के दौरान सबसे पूर्व उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी को पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में हुए कार्यों कि विभागवार जानकारी दी।

बैठक के दौरान मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। इसके लिए उन्होंने सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य करने एवं आम जनों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने श्रम अधीक्षक को नियमित रूप से कारखानों की जांच करने एवं दिशानिर्देशों की अवमानना करने वाले संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया

मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली वहीं उन्होंने सभी विद्यालयों का नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए वहां मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान माननीय मंत्री ने सिविल सर्जन रामगढ़ को किसी भी प्रकार की आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति के लिए तैयार रहते हुए सदर अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को इसके लिए प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया वहीं उन्होंने एंबुलेंस सेवाएं 24*7 संचालित रखने का निर्देश दिया।

बैठक मे विधायक रामगढ़ ममता देवी ने स्थानीय लोगों की समस्याओं, विभिन्न सड़कों की मरम्मती व बाधित विद्युत आपूर्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। वहीं उन्होंने कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल रामगढ़ को नियमित रूप से ग्रामीण क्षेत्र में रह रहे ग्रामीणों को बिजली बिल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में विधायक बड़कागांव सुश्री अंबा प्रसाद ने भुरकुंडा क्षेत्र के मतकमा चौक के समीप सड़क मरम्मती का मुद्दा उठाते हुए इस पर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। वहीं उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को उठाते हुए उनके जल्द निराकरण की मांग की।

बैठक में 20 सूत्री उपाध्यक्ष दिनेश मुंडा, अध्यक्ष जिला परिषद सुधा देवी, अध्यक्ष नगर परिषद योगेश बेदिया, उपाध्यक्ष नगर परिषद रीता देवी, विधायक प्रतिनिधि मांडू नीरज कुमार झा सहित अन्य 20 सूत्री सदस्यों के अलावा वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!