khabarcell.com

आप कहते हैं, बरसो पानी ! और छम से बूंदें बरस पड़ती हैं। जी हां! कुछ ऐसा ही नजारा होता हैं यहां। प्राकृतिक रूप से बने गुफा नुमा चट्टान के नीचे हल्के शोर या तालियों की आवाज करने पर पानी की बूंदें बरस पड़ती हैं और फिर थम भी जाती हैं । 

झारखंड के हजारीबाग जिला स्थित इस रमणीय स्थान का नाम ही है “बरसो पानी” । जिला से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर बड़कागांव प्रखंड के आंगो पंचायत में अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य के  बीच तरोताजा होने के लिए बेहतरीन जगह है।


प्रकृति की यह अद्भुत लीला देखने अक्सर आसपास के लोग यहां पहुंचते रहते हैं। दूर-दराज से भी प्रकृति प्रेमियों का यहां आना जाना लगा रहता है। गुफा के अगल-बगल उंचे उंचे वृक्ष और आसपास हरियाली देखने को मिलती है। आसपास का शांत माहौल मन को सुकून देता है।

यहां शोर करने पर पानी बरसता है। घूमने फिरने के लिए यह बेहतरीन जगह है। कौतूहलवश इसे देखने देश के दूर दराज के इलाकों से लोग हमेशा से पहुंचते रहे हैं। इसके साथ ही इलाके में कई दर्शनीय स्थल है। पर्यटन के लिहाज से यहां असीम संभावनाएं है। इसके लिए सरकार को पहल करने की जरूरत है। सरकार को इसके विकास पर ध्यान देना चाहिए।

                                             – श्रीकांत निराला (समाजसेवी, बड़कागांव)

बताया जाता है कि यहां पूरे वर्ष चट्टान से पानी टपकता है। गर्मी के मौसम में भी छत उपरी सतह तपती रहती है लेकिन नीचे पानी बरसता रहता है। चट्टान में पानी का स्रोत कहां से और कैसे है इसकी सच्चाई अबतक पता नहीं चल सकी है। लोग बताते हैं कि काफी दूर दराज के लोग यहां आकर पानी का स्रोत ढूंढने की कोशिश करने पहुंचे, लेकिन कोई सटीक जानकारी नहीं मिली।

हालांकि पर्यटन के दृष्टिकोण से असीम संभावनाओं के बावजूद बरसो पानी उपेक्षित दिखता है। यहां पहुंचने के लिए लगभग 500 मीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। बरसो पानी को पर्यटकों के हिसाब से विकसित करने की दिशा में अबतक ठोस कदम नहीं उठाये जा सके हैं। आवागमन और ठहरने की सुविधाओं का अभाव है।

जान पड़ता है कि यहां न सिर्फ बरसो पानी बल्कि आसपास स्थित अन्य दर्शनीय स्थलों को भी उतनी तवज्जो नहीं मिल सकी, जितनी की मिलनी चाहिए। क्षेत्र को  विकसित किया जाये तो निसंदेह यहां आनेवाले लोगों की संख्या में भारी इजाफा होगा। रोजगार के रास्ते भी खुलेंगे और इलाके का विकास भी हो सकेगा।

By Admin

error: Content is protected !!