भाजपा प्रदेश कार्यालय में सांसद गीता कोड़ा भाजपा में हुई शामिल
कहा- कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की पार्टी
रांंची: लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की सांसद गीता कोड़ा ने भाजपा का थाम लिया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने सांसद गीता कोड़ा को भाजपा में स्वागत करते हुए सदस्यता दिलाई।
अवसर पर सांसद गीता कोड़ा ने भाजपा के शीर्ष नेताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को गर्क डाला है, कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलने की बात कहती है, लेकिन सिर्फ़ एक परिवार के अलावे किसी को भी साथ लेकर नहीं चलती है। हम लोग जनता की सेवा के लिए राजनीति करते हैं, जनता के बीच रहते हैं। जहां जनता के हितों को ही दरकिनार किया जाता है, ऐसी पार्टी में रहने का कोई औचित्य नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सांसद गीता कोड़ा कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा में आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में गीता कोड़ा भी अब भागीदारी निभाएंगी। झारखंड के सभी 14 सीटों पर कमल खिलाने का काम किया जाएगा।
अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गीता कोड़ा दो बार विधायक रहीं है और सांसद हैं। अपने क्षेत्र में विकास करती आ रही हैं। कहा कि राज्य की सत्ता में शामिल पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल होने का मतलब समझ सकते हैं कि केंंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर लोगों का अटूट विश्वास है। गीता कोड़ा के पार्टी में योगदान देने से सिर्फ कोल्हान क्षेत्र नहीं बल्कि पूरे झारखंड में भाजपा को मजबूती मिलेगी।