बड़कागांव: डीएवी उरीमारी में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती धूमधाम से मनायी गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, छात्र छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद के तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन विवेकानंद सदन की ओर से प्रार्थना सभा में की गई। जिसका संचालन कक्षा नौंवी की छात्रा अपेक्षा गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक लाल बहादुर यादव ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। बीसी बेहरा ने स्वामी विवेकानंद की प्रासंगिकता से लोगों को अवगत कराया तथा उनके बताएं मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वहीं विद्यालय के प्राचार्य उत्तम कुमार राय ने शिकागो में विश्व में धर्म परिषद में उनके द्वारा दिए गए अविस्मरणीय भाषण की चर्चा की। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के वेदांग दर्शन, गीता दर्शन तथा बौद्ध दर्शन का उल्लेख करते हुए उनके बताए मार्ग पर सभी को चलने की आवश्यकता पर बल दिया।