• शहर में सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों पर रोक

• मोरहाबादी मैदान के रास्तों पर रहेगी कड़ी व्यवस्था

रांची: स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 15 अगस्त को राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। मोरहाबादी मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक के साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की है। निर्धारित योजना के अनुसार 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कांके की ओर से आने वाले भारी वाहन बोड़ेया तक ही आ सकेंगे जबकि चाईबासा और खूंटी की दिशा से आने वाले वाहनों को बिरसा चौक पर रोका जाएगा। इसी तरह गुमला-सिमडेगा से अरगोड़ा होकर आने वाले वाहन कटहल मोड़ तक और अन्य वाहन आईटीआई बस पड़ाव तक सीमित रहेंगे। जमशेदपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दुर्गा सोरेन चौक नामकुम और सदाबहार चौक सीमा तय की गई है। कांके-पतरातू से आने वाले वाहन लॉ यूनिवर्सिटी तक ही आ सकेंगे। बूटी मोड़ से कोकर-बरियातू जाने वाले भारी वाहन बूटी मोड़ पर और खेलगांव जाने वाले वाहन खेलगांव चौक पर ही रुकेंगे। तिलता चौक रिंग रोड से पिस्का मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को पंडरा बाजार तक ही अनुमति होगी।

इसके अलावा वीवीआईपी आवागमन के लिए अलग रूट तय किया गया है। मुख्यमंत्री के काफिले के साथ हाईकोर्ट के न्यायाधीशों, सांसदों और विधायकों के वाहन एटीआई मोड़, सिद्ध कान्हू पार्क मोड़ और डॉ. श्यामा प्रसाद विश्वविद्यालय मोड़ होते हुए राजकीय गेस्ट हाउस से वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक जाएंगे। वहीं केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों के लिए हाटलिप्स चौक से एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक का मार्ग निर्धारित किया गया है।

समारोह में आने वाले वाहनों की पार्किंग पास के रंग के आधार पर होगी। नारंगी पास वाले वाहनों को मुख्य मंच के पश्चिमी हिस्से में और हरे पास वाले वाहनों को बापू वाटिका के सामने पार्किंग मिलेगी। मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी वाहनों के लिए मुख्य मंच के पीछे व्यवस्था की गई है। अधिकारियों के वाहन नीलांबर-पीतांबर पार्क यानी ऑक्सीजन पार्क के पास खड़े होंगे। मीडिया के वाहनों के लिए हॉकी स्टेडियम के उत्तर में बापू वाटिका के सामने आर्मी ग्राउंड से सटे स्थान पर पार्किंग तय है। आम लोगों के वाहनों को टीआरआई के सामने मैदान में खड़ा करने की अनुमति होगी।

मोरहाबादी जाने वाले प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक पुलिस ने ड्रॉप गेट बनाए हैं। इन गेटों से केवल वीआईपी, अधिकारी, मीडिया और पासधारी वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। दीनदयाल नगर, उपायुक्त आवास, हॉकी स्टेडियम, रजिस्ट्री ऑफिस, स्टेट गेस्ट हाउस, बंधु तिर्की आवास और बिजली ऑफिस के आसपास के मार्गों पर भी आम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 15 अगस्त को मोरहाबादी और आसपास के क्षेत्रों में जाने से पहले ट्रैफिक प्लान को ध्यान में रखें और निर्धारित पार्किंग व वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें।

 

By Admin

error: Content is protected !!