| नेतृत्व, अनुशासन और सेवा भाव का लिया संकल्प |
उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में सोमवार को विद्यार्थी परिषद गठन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सीसीएल बरका-सयाल के जीएम (ऑपरेशन) दिलीप कुमार, विशिष्ट अतिथि रश्मि कुमारी और विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवगठित विद्यार्थी परिषद की घोषणा की गई। जिसमें हेड बॉय तनुष कुमार, हेड गर्ल अन्वेशा आनंद, डिप्टी हेड बॉय अनमोल कुमार, डिप्टी हेड गर्ल सुमन कुमारी, लिटरेरी कैप्टन अपेक्षा गुप्ता, अनुशासन कैप्टन अश्मित कुमार, इको क्लब कैप्टन तृष्णा जयसवाल के नाम की घोषणा हुई। इसके साथ ही चारों सदनों के कैप्टन भी घोषित किए गए। दयानंद सदन कैप्टन आरिफ अंसारी, अरविंदो सदन कैप्टन डिंपी कुमारी, विवेकानंद सदन कैप्टन अनमोल कुमार और श्रद्धानंद सदन कैप्टन साइमा फातिमा घोषित की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक बीसी बहेरा ने नव निर्वाचित सदस्यों को बैज अलंकरण कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ में छात्रों ने विद्यालय के नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि दिलीप कुमार ने कहा कि नेतृत्व जन्म से नहीं, कर्म से बनता है। विद्यार्थी परिषद विद्यालय और समाज के बीच सेतु का काम करती है। अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भाव ही सच्चे नेता की पहचान है। वहीं रश्मि कुमारी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर छात्र अपनी छिपी प्रतिभा को पहचाने और विद्यालय की प्रगति में योगदान दें। वहीं प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने सभी चयनित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यालय की गतिविधियों को नई दिशा देगी। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से सहयोग की अपील भी की।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें अतिथियों ने सराहा। मंच संचालन शिक्षिका पिंकी कुमारी और शिक्षक राहुल कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक असीम घटक ने प्रस्तुत किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
