रांची: नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में झारखंड को पहली बार राष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजन की मेजबानी मिलने जा रही है। ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी (AIOS) की मिडटर्म राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 25 से 27 सितंबर तक होटल चाणक्य बीएनआर में आयोजित होगी। तीन दिनों के सम्मेलन में देशभर से 1,000 से अधिक नेत्र विशेषज्ञ, शोधकर्ता, शिक्षक और युवा डॉक्टर शामिल होंगे।
सम्मेलन के दौरान नेत्र चिकित्सा में हो रहे नए शोध, आधुनिक उपचार तकनीकों और मेडिकल एजुकेशन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाले चिकित्सक अपने अनुभव और नई तकनीकों की जानकारी भी साझा करेंगे।
आयोजन की ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. भारती कश्यप ने कहा कि झारखंड में पहली बार AIOS की राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस होना राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रांची में देशभर के 1,000 से अधिक नेत्र विशेषज्ञों का एक मंच पर जुटना भी खास अवसर है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य बड़े शहरों के अलावा मिड-टियर शहरों में मेडिकल शिक्षा और रिसर्च के अवसरों को बढ़ावा देना है। इससे रांची और झारखंड की मेडिकल व वैज्ञानिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
सम्मेलन में युवा डॉक्टरों और शोधकर्ताओं को वरिष्ठ विशेषज्ञों से सीधे सीखने और अपने शोध कार्य को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस आयोजन से झारखंड में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में नए शैक्षणिक और वैज्ञानिक सहयोग की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
