रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के लोवाहीड में बीते वर्ष 15 फरवरी को हुए मनोज मुंडा हत्याकांड में फरार चल रहे वारंटी को पुलिस ने बड़कागांव के उरेज गांव से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरेंद्र राम ने शनिवार को बरकाकाना ओपी में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 15 फरवरी 2023 को लोवाहीड के झंझीटोला में मुर्गा लड़ाने के दौरान चार अपराधियों ने भदानीनगर ओपी क्षेत्र के चिटो गांव निवासी मनोज मुण्डा (उम्र 35) पिता करमा मुंडा की गोली मार हत्या कर दी थी।

इस संबंध में मृतक मनोज मुंडा के भाई जनक मुंडा के फर्द बयान के आधार पर पतरातु थाना में कांड संख्या-25/23, दिनांक 16.02.2023, धारा-302/120बी भादवि और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधकर्मियों के विरूद्व मामला दर्ज किया गया।

अनुसंधान के दौरान पाया गया कि लेवी को लेकर प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।  घटना में संलिप्त अपराधकर्मी विनोद गंझू पिता चन्दरू गंझू निवासी लोवाडीह को हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ पूर्व में गिरफ्तार किया गया है। विनोद गंझू ने पूछ-ताछ के दौरान इस घटना में संलिप्त अपराधकर्मियों का नाम बताया था। जिसमें से एक अभियुक्त महेन्द्र करमाली (22 वर्ष) पिता सुधन करमाली है, जो बड़कागांव (हजारीबाग) के उरेज गांव का रहनेवाला है।

इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। महेंद्र के विरूद्ध माननीय न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी निर्गत किया गया है। इधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के द्वारा गठित टीम ने उरेज में छापेमारी कर महेंद्र महतो को उसके घर से गिरफ्तार किया है।

एसडीपीओ पतरातू ने कहा कि महेंद्र करमाली ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार किया है और घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मियों का नाम भी बताया है। गिरफतार अभियुक्त महेन्द्र करमाली को जेल भेजा जा रहा है। शेष फिरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है। वहीं इस घटना में जेजेएमपी प्रतिबंधित नकसली संगठन के बिनोद गंझू मुनेश्वर उर्फ कुख्यात को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

पुलिस के छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू बिरेंद्र राम, पुलिस निरीक्षक, पतरातु अंचल योगेन्द्र सिंह, बरकाकाना ओपी प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी संजय कुमार रजक, पुअनि अजीत कुमार, सदलबल शामिल थे।