भुरकुंडा (रामगढ़): पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा पंचायत के नीचे धौड़ा में स्थानीय लोगों ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समक्ष शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। विद्यालय में वार्ड संख्या पांच और 11 के आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण पर आपत्ति जताते हुए पोषक क्षेत्र में ही आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराने की मांग की गई। वहीं विरोध-प्रदर्शन की जानकारी पर पहुंचे मुखिया अजय पासवान को उपायुक्त और अन्य अधिकारियों के नाम हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा गया और मामले में हस्तक्षेप कर जल्द पहल करने की अपील की गई।

स्थानीय लोगों ने कहा कि पोषक क्षेत्र से दूर विद्यालय में आंगनबाड़ी केंद्र बनने से अभिभावकों को भारी असुविधा होगी। स्कूल में कुंआ है, जबकि पास ही में बड़े नाले और नलकारी नदी है। यहां आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने पर बच्चों को लेकर असुरक्षा की संभावना बनी रहेगी। आंगनबाड़ी केंद्र पोषक क्षेत्र में ही बनाया जाना चाहिए।
वहीं मामले पर मुखिया ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांग से बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी को अवगत कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों से भी बात की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ही कोई काम किया जाएगा। स्थानीय लोगों की सुविधाओं के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
विरोध जतानेवालों में पंचायत समिति सदस्य दीपक कुमार भुइंया, उप मुखिया संजीत राम, विकराल करमाली, रंजीत करमाली, शिवशंकर राम, जोगेंद्र, सूरज कुमार, विजय राम, अरूण राम, सनोज नायक, भीम गंझू, अमित कुमार नायक, जगेश्वर नायक, संजय, दीपक करमाली, नारायण करमाली, शंकर राम, गौतम राम, विष्णु साव, ममता देवी, धनेश्वरी देवी, सुलेखा देवी, चंपा देवी, अनीता कुजूर, राजमुनी देवी, रूपा देवी सहित अन्य शामिल थे।
