रांची: विदेश में अपनों को खोने के बाद मुश्किल दौर से गुजर रहे कैलाश नगर निवासी राजा कुमार वर्मा के परिवार को राज्य सरकार ने आर्थिक सहारा दिया है। वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले राजा के आश्रितों को बुधवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम मंत्री संजय कुमार और राज्यसभा सांसद महुआ माझी ने परिवार को सहायता राशि का चेक सौंपा। राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे।

हादसे के बाद उनके परिजनों ने पार्थिव शरीर को रांची लाने के लिए सरकार से मदद मांगी थी। इसके बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ और भारतीय दूतावास तथा विदेश मंत्रालय के साथ समन्वय कर शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

हनोई से पार्थिव शरीर को पहले कोलकाता लाया गया। वहां से 5 अक्टूबर को रांची जिला प्रशासन की एंबुलेंस के जरिए शव को परिवार तक पहुंचाया गया। अब सरकार ने आर्थिक सहायता देकर शोकाकुल परिवार को अतिरिक्त राहत दी है।