| #JharkhandSIR अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील |
• 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर जाएंगे बीएलओ
• मतदाता से भरवाया जाएगा गणक प्रपत्र
रामगढ़: जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में सोमवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले एन्यूमरेशन फेज के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को दो प्रति में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिसे मतदाता भरकर एवं हस्ताक्षर कर BLO को जमा करेंगे। इसके उपरांत एक प्रति रिसीविंग कर मतदाता को उपलब्ध करा दी जाएगी वहीं दूसरी प्रति कार्यालय में जमा होगी।

उपायुक्त ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों, राज्य से बाहर अध्ययनरत छात्रों एवं अन्य अनुपस्थित मतदाताओं के लिए परिवार का कोई वयस्क सदस्य ECINET पोर्टल अथवा BLO के माध्यम से गणना प्रपत्र प्राप्त कर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जमा कर सकता है। सत्यापन अवधि 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक चलेगी, जिसमें केवल चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती SIR की मतदाता सूची में नाम दर्ज मतदाताओं को अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, जिन मतदाताओं अथवा उनके माता-पिता का नाम पूर्व SIR सूची में नहीं है, उन्हें आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति जमा करनी होगी।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 07 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं बताया गया कि जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 7,55,455 मतदाताओं में से 6,16,585 मतदाताओं का मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जो 81.62 प्रतिशत है। वहीं 1,38,870 मतदाताओं का मैपिंग कार्य शेष है।
इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि 30 जून को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक 22-बड़कागांव एवं 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर BLO एवं BLA-2 की बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए पोस्टर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री का वाचन किया जाएगा तथा विशेष हैशटैग अभियान #JharkhandSIR के साथ निर्वाचन जागरूकता से संबंधित सामग्री का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X, Facebook, Instagram एवं YouTube आदि) पर व्यापक प्रसार-प्रचार किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ELC के सदस्य, संबंधित मतदान केंद्र के मतदाता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) भाग लेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी से बढ़-चढ़कर इस अभियान में हिस्सा लेने की अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समयावधि में ECINET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग सुनिश्चित करेंगे, जिससे मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी बनाया जा सके।
अंत में उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950, ECINET पोर्टल एवं ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
