रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना और ओपी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में नये आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एनसीएलआई पोर्टल पर कांडों के 60 से 90 दिनों के अंतर्गत निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को नये आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनुसंधान पूर्ण कर आरोप-पत्र समर्पित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही, पुलिस निरीक्षकों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को नियमित रूप से थानावार प्रगति की समीक्षा करने, समय-सीमा के निकट पहुंच चुके कांडों की विशेष निगरानी कर निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक रामगढ़ द्वारा सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित अनुसंधान करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर आरोप-पत्र समर्पित करने के लिए निर्देशित किया गया।
