| बंद ग्लास फैक्ट्री के कर्मियों को पेंशन दिलाने में सतत सहयोग पर जताया आभार |
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और मान-सम्मान क्षेत्र के लोगों की देन : अंबा प्रसाद
भुरकुंडा (रामगढ़): राष्ट्रीय स्तर पर मुझे मिली पहचान और सम्मान आप लोगों की देन है। क्षेत्र के लोगों ने ही मान-सम्मान बढ़ाया है। जब भी मेरी जरूरत होगी मुझे साथ जरूर पाएंगे। यह बातें बड़कागांव विधानसभा की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने बुधवार को भदानीनगर में बंद ग्लास फैक्ट्री के पूर्व कर्मियों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कही। समारोह में पूर्व कर्मियों के पेंशन चालू कराने की दिशा में अंबा प्रसाद के सतत प्रयास और सहयोग पर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामशरण गिरी और संचालन श्रवण कुमार ने किया।

समारोह में अंबा प्रसाद को पुष्प गुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं स्थानीय महिलाओं ने फूल माला पहनाकर उनका आभार जताया। समारोह को संबोधित करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि मुझसे कुछ गलतियां जरूरी हुई होंगी, लेकिन जन-समस्याओं के समाधान को लेकर मेरा संघर्ष हमेशा जारी रहा। यही वजह है कि कई वोटर आज अफसोस जताते हुए भी समस्या और शिकायतें लेकर मिलते हैं। यह विश्वास बनाए रखिए, क्षेत्र के लोगों को जब भी जरूरत होगी मैं हाजिर रहूंगी।
समारोह के दौरान पेंशन को लेकर निरंतर प्रयासरत रहे पूर्व कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें रामशरण गिरी, नागेंद्र प्रसाद, मिथलेश कुमार दांगी, संतोष ओझा, लाल बाबू चौबे, राजकुमार प्रसाद, आजम शेख, कपिलनाथ महतो, मो. मुस्लिम, मो. ताजीम, मो. सोनू, मो. बारीक शामिल रहे।
वहीं मीडिया से बातचीत के क्रम में अंबा प्रसाद ने कहा कि ग्लास फैक्ट्री बंद होने से यहां के लोगों ने बड़ी कठिनाईयां झेली हैं। पेंशन मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। कठिन परिस्थितियों में उन्हें बड़ा सहारा मिला है। हमारा संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है। आगे भी हर संभव प्रयास करूंगी। खबरसेल की ओर से पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी मैं सरकार का अंग नहीं हूं और संगठन के लिए काम कर रही हूं। इसके माध्यम से कर्मियों के ग्रेच्युटी सहित अन्य मसलों पर हम सरकार तक जरूर जाएंगे। यहां लोगों के साथ हुए अन्याय और मान-सम्मान को लेकर भी संघर्ष करेंगे।
मौके पर लपंगा पंचायत के मुखिया आनंद दुबे, कांग्रेस पार्टी के प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष देवानंद प्रसाद, युवा प्रखंड अध्यक्ष जयंत तुरी, इमरान अंसारी, डब्लू सिंह, फिरदौस आलम सहित कई महिला-पुरूष मौजूद रहे।
