रांची: दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को पंडालों तक पहुंचने के दौरान रास्तों के गड्ढों और ऊबड़-खाबड़ सतह से जूझना न पड़े, इसके लिए रांची नगर निगम ने शहर में व्यापक स्तर पर समतलीकरण कराया है। नगर निगम के अनुसार, शहर के सभी 176 पूजा पंडालों और उनके संपर्क मार्गों के लिए अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराई गई है, जबकि रास्तों के गड्ढे भरने में 242 ट्रैक्टर जेएसबी का इस्तेमाल हुआ है।

इस काम के लिए पूजा समितियों से जरूरत की जानकारी लेने के साथ पंडाल परिसरों और आसपास के रास्तों का निरीक्षण किया गया था। समितियों ने कुल 624 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट की मांग रखी थी। इसके मुकाबले निगम ने अब तक 981 ट्रैक्टर स्टोन डस्ट उपलब्ध कराई है, ताकि जरूरत के मुताबिक पंडाल परिसरों और संपर्क मार्गों को समतल किया जा सके।

नगर निगम ने बताया कि जिन पूजा समितियों को अब भी स्टोन डस्ट की जरूरत है, उनके लिए अतिरिक्त भंडार उपलब्ध है। संबंधित समितियां टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकती हैं।

