रांची: झारखंड के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के लिए गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और बेहतर ब्रांडिंग पर जोर देना होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में ‘एक्सपो उत्सव 2026’ के उद्घाटन के दौरान कहा कि राज्य के उत्पादों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की क्षमता है।
राज्यपाल ने कहा कि तसर सिल्क झारखंड की विशिष्ट पहचान है, लेकिन कई अन्य स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक हुनर भी बड़े बाजार की संभावनाएं रखते हैं। बेहतर डिजाइन और आधुनिक तकनीक के साथ इन उत्पादों की प्रभावी मार्केटिंग जरूरी है।
उन्होंने युवाओं से नए विचारों को उद्यम में बदलने की अपील की। कहा कि मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और अवसर मिलने पर युवा रोजगार लेने के बजाय रोजगार देने वाले बन सकते हैं। इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

राज्यपाल ने ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया को छोटे कारोबारियों के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्थानीय उत्पाद दूर-दराज के बाजारों तक पहुंच सकते हैं। इसके लिए गुणवत्ता और ग्राहक का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने उद्यमियों से ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ कारोबार करने का आह्वान किया। एक्सपो उत्सव को स्थानीय कारोबार और उद्यमिता को मंच देने वाला आयोजन बताते हुए उन्होंने जेसीआई रांची को बधाई दी।
मोरहाबादी मैदान में 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित एक्सपो उत्सव के 29वें संस्करण में करीब 400 स्टॉल लगाए गए हैं। राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति, नवाचार और उद्यमिता विकसित भारत@2047 के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
