रांची: झारखंड में तंबाकू के बढ़ते इस्तेमाल के बीच स्वास्थ्य विभाग ने लोगों तक इसके दुष्परिणामों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया है। इसी कड़ी में गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर रांची के सिविल सर्जन कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू से दूर रहने का संकल्प लिया। उन्होंने आसपास के लोगों को भी तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर नुकसान के बारे में जानकारी देने की बात कही।

इस दौरान तंबाकू सेवन से जुड़े आंकड़ों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि देश में हर वर्ष 13 लाख से ज्यादा लोगों की मौत तंबाकू से संबंधित कारणों से होती है। झारखंड में भी करीब 38.9 प्रतिशत लोग किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन करते हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से तंबाकू छोड़ने के लिए लोगों को प्रेरित करने और इसके खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि तंबाकू से होने वाली बीमारियों को रोकने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है।

मौके पर जिला नोडल पदाधिकारी सह जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. सीमा गुप्ता, डीआरसीएचओ डॉ. असीम माझी, डॉ. तवा रिजीवी, डॉ. राजीव भूषण और परामर्शी सुशांत कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।