रांची: मारवाड़ी कॉलेज में छात्र सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर करने की मांग को लेकर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य को मांग-पत्र सौंपा।
आजसू ने कॉलेज परिसर और कक्षाओं में नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था करने की मांग की। परीक्षा परिणाम समय पर जारी करने और नियमित कक्षाओं के संचालन पर भी जोर दिया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने कंप्यूटर लैब की सुविधाओं में सुधार, कॉलेज भवनों की मरम्मत और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बेहतर करने की मांग रखी। इसके साथ ही छात्रों के लिए कॉलेज परिसर में वाई-फाई सुविधा शुरू करने की बात कही गई।
आजसू ने वाटर कूलर और वाटर फिल्टर की समुचित व्यवस्था कराने की भी मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के दौर में छात्रों के लिए इंटरनेट सुविधा जरूरी है। कॉलेज में स्वच्छ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता भी आवश्यक है।
प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान आजसू छात्र संघ के महानगर अध्यक्ष अमन साहू, प्रदेश सचिव सक्षम झा, राजेश सिंह, आर्यन, राहुल यादव, हिमांशु समेत अन्य छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे।
