रांची: शहर को साफ रखने वाले नगर निगम के सफाईकर्मी खुद बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। झारखंड नगर निकाय मजदूर यूनियन (सीटू), रांची के बैनर तले नगर निगम के सफाईकर्मियों ने गुरुवार को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने प्रदर्शन किया। कर्मियों ने 18 हजार रुपये मासिक वेतन, बोनस, इलाज की सुविधा और सफाई के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों के अनुसार, रांची नगर निगम क्षेत्र में करीब दो हजार सफाईकर्मी कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 500 कचरा उठाव का काम करते हैं। इसके बावजूद उन्हें सफाई के दौरान दस्ताने नहीं मिलते। कई बार झाड़ू भी अपने पैसे से खरीदनी पड़ती है। कर्मियों ने आरोप लगाया कि बीमार पड़ने पर वेतन काटने और नौकरी से हटाने की धमकी दी जाती है।

सफाईकर्मियों ने ईएसआई कार्ड बनने के बावजूद इलाज की सुविधा का लाभ नहीं मिलने और पर्व-त्योहारों पर बोनस से वंचित रखने की शिकायत की। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर कई बार लिखित आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान बहुबाजार ओवरब्रिज के पास कुछ प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार में बैठाकर दूसरी जगह ले जाया गया और बाद में छोड़ दिया गया। उन्होंने इसे आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश बताया।

यूनियन ने वेतन बढ़ाने, बोनस भुगतान, ईएसआई के तहत इलाज की सुविधा और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। प्रदर्शन में अध्यक्ष भवन सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष एसके राय, प्रतीक मिश्रा, प्रकाश टोप्पो, सचिव प्रफुल लिंडा और सुखनाथ लोहरा समेत अन्य कर्मी शामिल थे।