रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी रहेगी। मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। हजारों दर्शकों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और आवागमन के लिए अलग-अलग व्यवस्था तय की है। दर्शकों को निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बाद टिकट पर दिए गए गेट तक पैदल जाना होगा।
गेट के अनुसार तय रहेगा रूट
जगन्नाथपुर मंदिर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए नॉर्थ और वेस्ट गेट की दिशा तय की गई है। इस तरफ शहीद मैदान समेत चिन्हित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
धुर्वा गोलचक्कर की ओर से आने वाले दर्शक साउथ और ईस्ट गेट की तरफ जाएंगे। इनके लिए मियां मार्केट, जवाहर पार्किंग और धुर्वा गोलचक्कर मैदान के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
शाखा बागान की ओर से आने वालों के लिए शाखा बागान पार्किंग और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आसपास चिन्हित स्थानों पर वाहन खड़ा करने की सुविधा रहेगी।
इन जगहों पर खड़े होंगे वाहन
दर्शकों के लिए शहीद मैदान, हेलिपैड पार्किंग, गेट पार्किंग, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी धुर्वा, मियां मार्केट, जवाहर पार्किंग, धुर्वा गोलचक्कर मैदान और शाखा बागान पार्किंग को चिन्हित किया गया है।
पार्किंग के बाद स्टेडियम तक पैदल पहुंचने के लिए निर्धारित रास्ते का इस्तेमाल करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के गेट तक सामान्य वाहनों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
वीआईपी और एंबुलेंस के लिए अलग रास्ता
खिलाड़ियों, वीआईपी और आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रूट रहेगा। इस मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दर्शकों से एंबुलेंस समेत अन्य आपातकालीन वाहनों के रास्ते में वाहन नहीं लगाने की अपील की गई है।
समय से पहले निकलने की सलाह
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने दर्शकों से मैच के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि टिकट पर दर्ज गेट की जानकारी पहले देख लें और उसी के अनुसार पार्किंग स्थल चुनें।
मैच के दिन गलत पार्किंग या गलत रूट से बचना जरूरी होगा। पुलिस के निर्देशों का पालन करने से भीड़ और जाम को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।

