भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा के पटेलनगर पंचायत स्थित श्रीश्री शिव शक्तिधाम मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ रविवार को पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। भूमि पूजन और शिलान्यास के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा।
सांसद और विधायक ने रखी आधारशिला
अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने शिलापट्ट का अनावरण कर मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। शिलान्यास के उपरांत सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-उपासना का स्थान नहीं होते, बल्कि ये समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का केंद्र भी होते हैं। उन्होंने कहा, “शिव शक्तिधाम मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रतीक है। इसके पुनर्निर्माण से न सिर्फ धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सामाजिक समरसता भी मजबूत होगी। उन्होंने मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और श्रद्धालुओं से तन-मन-धन से सहयोग की अपील की। वहीं विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि मंदिर आस्था और सनातनी परंपरा का केंद्र होता है। मंदिर निर्माण में सहभागिता गर्व की बात है। सभी के सहयोग से भव्य और आकर्षक मंदिर का निर्माण हो।
एक वर्ष में पूरा होगा निर्माण
मंदिर निर्माण समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पुराने मंदिर को ध्वस्त कर उसकी जगह आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य मंदिर बनाया जाएगा। नए मंदिर परिसर में मुख्य शिवालय के साथ शक्ति पीठ, यज्ञशाला, भक्त निवास और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। समिति के अनुसार निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और इसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। समिति ने कहा कि पुनर्निर्माण के बाद शिव शक्तिधाम मंदिर इस क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा, जहां दूर-दूर से लोग दर्शन के लिए आएंगे।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
भूमि पूजन के दौरान पटेल नगर और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। कई लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए स्वैच्छिक सहयोग देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन के कर्मी भी तैनात रहे।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
अवसर पर मौके पर मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, योगेश दांगी, सतीश मोहन मिश्रा, राजू चतुर्वेदी, राजू मल्होत्रा, अमरेश सिंह, बिनोद सिंह, बाबूलाल नायक, राजन पांडेय लक्ष्मी देवी, मिंटू कुमार सोनी, राकेश चौधरी, संजय शर्मा, राधेश्याम अग्रवाल सहित मंदिर निर्माण समिति के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे ।
