रामगढ़: एकल अभियान के अंतर्गत भुरकुंडा संच के विद्यालय ग्रामों में सोमवार को गंगा दशहरा के अवसर पर नदी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुदूरवर्ती गांवों तक आस्था और संस्कार पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अवसर पर हरिहरपुर विद्यालय ग्राम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पतरातू संच समिति के कोषाध्यक्ष सत्येंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। एकल विद्यालय के बच्चों एवं ग्राम समिति के संयुक्त तत्वावधान में विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की गई। वहीं बच्चों ने भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

इस दौरान संच प्रमुख नागेश्वर महतो ने बताया कि एकल अभियान बीते कई वर्षों से नदी पूजन कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को गंगा दशहरा मनाया जाता है। इसी दिन मां गंगा का स्वर्ग से धरती पर अवतरण हुआ था, इसलिए स्नान, दान और व्रत का विशेष महत्व है।उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि राजा भगीरथ की कठोर तपस्या के बाद मां गंगा धरती पर आई थीं। गंगाजल को सभी हिंदू अनुष्ठानों में परम पवित्र माना गया है।

कार्यक्रम में अनिता देवी, ऊषा देवी, आरती देवी, सुरती देवी, सिला देवी, सुरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामवासी और विद्यालय के बच्चे उपस्थित थे। 

 

By Admin

error: Content is protected !!