भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत मेन रोड पर रविवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया है। तीन दुकानों का करकट शीट तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। ओपी से कुछ ही दूरी पर गोपाल होटल के निकट ओम भंडार राशन दुकान में चोर बीती रात एस्बेस्टस शीट तोड़ अंदर घुसे और 8-10 हजार रुपये सहित अन्य सामान की चोरी कर ली।

इसके अलावा भुरकुंडा बाजार में सब्जी मंडी के निकट मेन रोड पर लक्ष्मी पूजा भंडार में भी एस्बेस्टस शीट तोड़कर चोरी की गई है। दुकान संचालक रौशन कुमार ने बताया कि दुकान से 2000 रूपये नकद सहित लगभग 20 हजार मूल्य के पीत्तल की मूर्ति, दिया, कटोरी सहित अन्य अन्य सामान की चोरी हुई है। संचालक ने बताया कि बीते वर्ष भी दुकान में चोरी हुई थी, लेकिन चोरी का उद्भेदन नहीं हो सका।

वहीं लक्ष्मी पूजा भंडार के निकट ही सड़क के दूसरी तरफ मेंहदी इलेक्ट्रानिक्स रिपेयरिंग दुकान में छप्पर तोड़ चोरी की गई है। दुकान संचालक मेहंदी हसन ने कहा कि चोर इलेक्ट्रॉनिक सामान के स्क्रैप, तांबे के तार और बेकार पड़े ट्रांसफार्मर उड़ा ले गए हैं।
रविवार की सुबह चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने ओम भंडार और लक्ष्मी पूजा भंडार में छानबीन करते जांच शुरू कर दी है। इधर, मेन रोड पर एक ही रात में तीन दुकानों में हुई चोरी चौक-चौराहे पर चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस की रात्री गश्ति और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ही रात में तीन दुकानों चोरी की घटना से साफ है कि यह इक्का-दुक्का चोरों का काम नहीं है बल्कि चोरों का गिरोह क्षेत्र में उत्पात मचा रहा है। बताते चलें कि बीते 22 जुलाई को जनता टॉकीज में भी चोरी का मामला प्रकाश में आया था। जहां से चोरों ने कई उपकरणों की चोरी कर ली थी।
