रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अखिल झारखंड बुद्धिजीवी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके पूर्व कुलपति डॉ. एसपी सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अवसर पर पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने डॉ. सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। पार्टी के तमाम पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा ईश्वर से स्वर्गीय एसपी सिंह की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई।
सभा में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि बुद्धिजीवी मंच के पदाधिकारी के रूप में डॉ. एसपी सिंह का लंबे समय तक पार्टी का जुड़ाव रहा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। हिमालयन यूनिवर्सिटी, ईटानगर तथा वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के कुलपति के साथ साथ उन्होंने सीआईटी, टाटीसिलवे के निदेशक और जे.एन. कॉलेज के प्राचार्य के रूप में उन्होंने सेवाएं दीं। पार्टी के बुद्धिजीवी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उन्होंने उल्लेखनीय योगदान किया।
बताते चलें कि बीते शनिवार को हृदयाघात से डॉ. एसपी सिंह का निधन हरमू स्थित उनके आवास पर हो गया था। श्रद्धांजलि सभा पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर, राजेंद्र शाही मुंडा, सोहेल शाह, बनमाली मंडल, कौशिक चांद डॉ मुकुंद मेहता, शहजाद आलम, हरीश सिंह, देव शंकर, प्रहलाद अग्रवाल, बबलू महतो, राजेश सिंह, रोहित प्रकाश प्रीत, शशि भूषण, दया शंकर झा, विज्ञान सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।