हजारीबाग: पुलिस ने जिले के बड़कागांव में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के पास से 29 पुड़िया में लगभग 08 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार 24 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुचट्टी में कुछ लड़के नशीले पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह और सशस्त्र बल की एक छापामारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर रामजानकी मंदिर के आस-पास निगरानी शुरू की। इस दौरान एक पुराने टूटे-फूटे घर के पीछे दो लड़कों को कागज की पुड़िया में कुछ लेन-देन करते देखा गया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से खदेड़ कर पकड़ लिया गया।

पकड़े गए युवकों की पहचान बड़कागांव थाना अंतर्गत अम्बेडकर मुहल्ला निवासी सुनील कुमार राम (25 वर्ष), पिता जुगेश्वर राम और रुपेश कुमार (19 वर्ष), पिता चत्रभुज राम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 29 पुड़िया ब्राउन शुगर और 02 मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने बताया कि वे बड़कागांव क्षेत्र में पुड़िया बनाकर ब्राउन शुगर बेचते हैं और मुनाफा कमाते हैं, साथ ही स्वयं भी इसका सेवन करते हैं।

छापामारी दल में एसडीपीओ अमित आनंद, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई राकेश खवास और बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।