| साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे ओटीपी |
| बैंक खाते में हस्तांतरित होती थी ठगी हुई रकम |
• प्रतिबिंब पोर्टल पर है देशभर से ठगी की 274 शिकायतें, साइबर थाना पुलिस ने की कार्रवाई
रामगढ़: साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े मामले का उद्भेदन करते हुए अपराध में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक, कुज्जू के एक बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन की सूचना पर यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रामगढ़ चट्टी बाजार निवासी राहुल गुप्ता (37 वर्ष) पिता सुभाष कुमार गुप्ता, पारसोतिया निवासी रवि कुमार वर्मा (34 वर्ष) पिता घनश्याम वर्मा, सौदागर मुहल्ला निवासी रितेश अग्रवाल (40 वर्ष) पिता स्व. घनश्याम दास अग्रवाल और जारा टोला निवासी सोनू झा (34 वर्ष) पिता पारस झा शामिल हैं। अभियुक्तों पर साइबर ठगी के लिए पैसे लेकर खाता खुलवाने और साइबर ठगों को ओटीपी उपलब्ध कराकर खाते में लेन-देन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिबिंब पोर्टल के माध्यम से पुलिस को कुज्जू अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक के खाता संख्या 444616958956 में हुए संदिग्ध लेन देन की सूचना प्राप्त हुई। जिसपर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रामगढ़ सह थाना प्रभारी साईबर अपराध थाना रामगढ़ के द्वारा 28 अप्रैल को सनहा दर्ज कर जांच शुरू किया गया।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने पाया कि एमएसएमई के तहत गणेश इंटरप्राइजेज के नाम से भारतीय स्टेट बैंक में उक्त खाता संचालित है। जिसके तीन प्रोपराईटर क्रमशः राहुल गुप्ता, रवि कुमार वर्मा और अजय शर्मा हैं। जिसके विरूद्ध देश के विभिन्न राज्यों से अवैध राशि हस्तांतरण के संबंध में कुल 274 शिकायतें दर्ज है। मामले में पुलिस ने खाता धारक राहुल गुप्ता और रवि कुमार वर्मा से पूछताछ की। जिसमें उन्होंने बताया कि रितेश अग्रवाल उर्फ मुन्ना और सोनू कुमार झा के कहने पर स्टेट बैंक में खाता खुलवाया गया था। जिसके बदले में सोनू कुमार झा ने 1,20,000 रूपया दिया था। पुलिस ने अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए रितेश अग्रवाल उर्फ मुन्ना सोनू कुमार झा को भी गिरफ्तार कर पूछताछ किया। जिसमें उन्होंने साइबर अपराध में संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने व्हाट्स एप और टेलीग्राम ग्रुप के जरिए वे साइबर ठगों को ओटीपी उपलब्ध कराते थे। अभियुक्तों के मोबाईल डाटा की जांच के क्रम में मोबाइल पर लेन-देन करने का मैसेज पाया गया है। अभियुक्तों के पास से 6 मोबाइल और 11 सिम कार्ड जब्त किया गया है।
छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक दिगंबर पांडेय, रंजीत कुमार यादव, आरक्षी जितेंद्र पासवान, मो. तौफीक सहित तकनीकी शाखा के पुलिस कर्मी शामिल थे।
