वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बॉडीगार्ड भी गोली से घायल
बड़कागांव: एनटीपीसी चट्टी बारियातू के अंतर्गत काम कर रही कंपनी ऋत्विक प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद के जनरल मैनेजर के वाहन पर अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार को ताबड़तोड़ फायरिंग की। जिसमें जीएम शरद कुमार और उनका बॉडीगार्ड राजेंद्र प्रसाद गोली लगने से घायल हो गये। दोनों को हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के क्रम में जीएम की मौत हो गई। घटना दोपहर लगभग 12:15 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जीएम शरद कुमार वाहन JH 02 AW 2210 पर हजारीबाग से एनटीपीसी चट्टी बरियातू की ओर आ रहे थे। इस दौरान हेठागढ़ा में फोरेस्ट गेस्ट हाउस के निकट अपराधियों ने वाहन पर फायरिंग कर दी। एक गोली जीएम के सीने में जा लगी। वहीं एक गोली उनके अंगरक्षक झारखंड पुलिस के जवान राजेंद्र प्रसाद के पेट को छूते हुए निकल गई।

दोनों को हजारीबाग के आरोग्य अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान जीएम शरद कुमार की मौत हो गई। जबकि बॉडीगार्ड राजेंद्र प्रसाद खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं।
इधर घटना की सूचना पर एएसपी शुभाषीष, बड़कागांव एसडीपीओ अमित कुमार, बड़कागांव थाना प्रभारी विनोद तिर्की और केरेडारी थाना प्रभारी एनएल तिर्की, डाड़ीकला ओपी प्रभारी मणिलाल सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस घटना की छानबीन करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जुट गई है।
वहीं हजारीबाग एसपी मनोज रतन चौथे ने आरोग्य अस्पताल में स्थिति का जायजा लिया। साथ ही घटनास्थल पर पहुंचे और मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिशानिर्देश दिये। वहीं घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी दो पल्सर बाइक और एक स्पलेंडर बाइक पर सवार थे।