कोयला लदा हाइवा घर में घुसा, भारी नुकसान

• जेसीबी लेकर हाइवा हटाने पहुंचे पुलिस पर भड़के लोग

रामगढ़: भदानीनगर क्षेत्र के महुआटोला में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों में जमकर गहमागहमी हुई है। इस दौरान पुलिस के जवान और स्थानीय लोग गुत्थमगुत्था भी होते दिखे। लगभग आधे घंटे तक बवाल होता रहा। भदानीनगर ओपी में मुआवजे पर वार्ता के बाद मामला शांत हुआ।

घर में घुसा हाइवा

मिली जानकारी के अनुसार रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क पर मंगलवार की रात 11:00 बजे मनु करमाली के घर में एक कोयला लदा हाईवा (Jh 02AF 2133) अनियंत्रित होकर घुस गया। जिससे मकान को काफी क्षति पहुंची। साथ ही वहां खड़ा है ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में घर के तीन चार लोग मामूली रूप से घायल भी हुए हैं। बताया जाता है कि हाइवा चालक नशे में था। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया।

यह भी पढ़ें-सीएम के कार्यक्रम को लेकर पर्यटन निदेशक, डीसी-एसपी ने किया पतरातु लेक का निरीक्षण

वहीं बुधवार की सुबह लगभग 12:00 बजे भदानीनगर प्रभारी राजदीप कुमार सहित भदानीनगर और भुरकुंडा ओपी के पुलिसकर्मी जेसीबी लेकर हाइवा हटाने पहुंचे। जेसीबी के बढ़ते ही पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने हाथ में ईंट पत्थर लेकर विरोध शुरू कर दिया। बिना पीड़ित परिवार से बात किये हाइवा हटाने की कोशिश पर लोगों का पारा चढ़ गया और सभी क्षतिपूर्ति के लिए मुआवजे की मांग पर अड़ गये। शुरू हुई बहसबाजी आगे गहमागहमी में बदल गई। लगभग आधे घंटे तक सड़क पर बवाल होता रहा। स्थिति बिगड़ती देख  भदानीनगर ओपी में वार्ता की बात कही गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच मुआवजे पर बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।