लातेहार: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को जोबा मांझी, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग -सह-प्रभारी मंत्री, झारखंड सरकार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति एवं जिला योजना समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा उनके विभाग से संबंधित एवं संचालित योजनाओं की जानकारी माननीय मंत्री महोदया को दी गई। अद्यतन प्रतिवेदन के आधार पर माननीय मंत्री महोदया द्वारा बिंदुवार समीक्षा की गई एवं आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में मंत्री जोबा मांझी ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से योग्य लाभुकों को शत प्रतिशत लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान मुख्य रूप से मनरेगा, 15वें वित्त, जेएसएलपीएस की योजनाएं, किसान मित्र, श्रमिक कल्याण, खाद्य सुरक्षा, सबके लिए आवास, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्यक एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण, महिला कल्याण, खेलकूद पर्यटन, नगर पंचाय, पर्यावरण संरक्षण एवं वन वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क, विद्युत, पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य पालन समेत अन्य विभागों के पदाधिकारियों से संचालित योजनाओं की जानकारी लिया गया।
मंत्री जोबा मांझी द्वारा जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए सर्वप्रथम मनरेगा के तहत किये जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए मनरेगा के तहत संचालित दीदी बाड़ी योजना, डोभा, कुंआ निर्माण, बिरसा हरित ग्राम योजना, मिट्टी मोरम से सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों को वृहत स्तर पर पारदर्शी तरीके से ससमय कार्य को पूर्ण करने की बात कही गई।
समीक्षा के क्रम में माननीय मंत्री महोदया द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए लक्ष्यों को समय से पूरा करने की बात कही गई। साथ ही बैठक में जो भी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं अगली बैठक तक उन्हें अवश्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही गई।
इसके अलावे बैठक के दौरान अन्य 20 सूत्री सदस्यों द्वारा स्थानीय लोगों की समस्याओं को बैठक में रखा गया। माननीय मंत्री महोदया द्वारा निर्देशित किया गया कि संबंधित अधिकारियों को किए गए कार्यों से संबंधित जानकारी उन्हें देने एवं समस्याओं के निराकरण कराने की बात कई गई।
बैठक में विधायक लातेहार वैद्यनाथ राम, विधायक मनिका रामचन्द्र सिंह, 20 सूत्री उपाध्यक्ष अरूण कुमार दुबे, उपायुक्त भोर सिंह यादव, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन, उप निदेशक कोर एरिया, ब्याघ्र परियोजना, मेदिनीनगर, वन प्रमंडल पदाधिकारी रोशन कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, सांसद प्रतिनिधि चतरा विनीत मधुकर, आईटीडीए विंदेश्वरी ततमा, अपर समाहर्ता आलोक शिकारी कच्छप, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार, 20 सूत्री के सभी प्रखंड अध्यक्ष और सदस्य, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार शेखर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ नीत निखिल सुरीन, जिला पंचायती पदाधिकारी, संबंधित विभाग के सभी पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी उपस्थित थे।