क्षेत्र की 70 पुरुष टीम और 12 महिला टीमों ने कराया है अपना रजिस्ट्रेशन

हजारीबाग: सदर विधायक मनीष जायसवाल द्वारा आयोजित जिले का सबसे बड़ा और लोकप्रिय फुटबॉल टूर्नामेंट नमो फुटबॉल टूर्नामेंट-2023 का  शनिवार को हजारीबाग सदर प्रखंड में आरंभ हुआ। सदर प्रखंड क्षेत्र के ओरिया मैदान में बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल ने तिरंगा बैलून  उड़ाकर, फुटबॉल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल में किक मारकर टूर्नामेंट का उद्घतान किया।

टूर्नामेंट का आगाज़ होते ही पूरा मैदान पटाखों और आतिशबाजी की गूंज से गुंजायमान हो उठा। इससे पूर्व विधायक मनीष जायसवाल सहित अन्य अतिथियों का पारंपरिक नृत्य और ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ। वहीं हजारीबाग स्थित आर्ष कन्या गुरुकुल की विदुषियों द्वारा नारी सशक्तिकरण पर आधारित थीम बेस्ड रानी लक्ष्मीबाई और अंग्रेजों के बीच हुए युद्ध का जीवंत चित्रण किया गया।

मैदान में रंग- बिरंगे नमो जर्सी में लैस सदर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीम ने मार्च पास्ट करते हुए नमो झंडे को सलामी दी।। टूर्नामेंट का पहला दोस्ताना मैच महिला टीम पौता बनाम जमुआरी के बीच खेला गया। जिसमें जमुआरी की टीम 3-0 गोल से विजयी हुई। निर्णायक की भूमिका में सिकन्दर यादव, नरेश मुर्मू, दिलीप कुमार, कृष्णा हेम्बरोम, राजेन्द्र यादव, मनोज राम, नकुल दास, आनंद प्रजापति, सुभंगनी कुमारी एवं सुजाता कुमारी सराहनीय भूमिका निभा रही हैं। उद्घाटन मैच में उद्घोषक के रूप में मो. मुजफ्फर ने मोर्चा संभाला।

युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करता है नमो फुटबॉल टूर्नामेंट : मनीष जायसवाल

मौके पर हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुस्तान के ग्रामीण क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय खेल फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून और उनके प्रतिभा को निखारकर मंजिल तक पहुंचाने के उद्देश्य से नमक टूर्नामेंट का आयोजन लगातार साल 2016 से किया जा रहा है।

विधायक मनीष जायसवाल ने नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका एकमात्र उद्देश्य युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करना और समाज के विसंगतियों से दूर कर उन्हें खेल से जोड़े रखना है।

मौके पर विशेष रुप से भाजपा के वरिष्ठ नेता सह बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बटेश्वर प्रसाद मेहता, सदर विधायक प्रतिनिधि बिजय कुमार, बरही भाजपा नेता अर्जुन साव, स्थानीय जिप जिला परिषद सदस्य सुनीता देवी, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रेणुका कुमारी, भाजपा एससी मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष अनेश्वर प्रसाद, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद कुशवाहा, विजय वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!