रामगढ़: गोला प्रखंड के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में बुधवार को शहीद सोबरन सोरेन का 67वां शहादत दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में शामिल होकर झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने शहादत स्थल पर पूजा-अर्चना कर अपने दादा सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इससे पूर्व हैलीकॉप्टर से हेमंत सोरेन के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
शहादत दिवस पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने लोगों को 28 नवंबर को झारखंड सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। कहा कि कल से अबुआ सरकार की नई पारी की शुरुआत होगी।
आगे उन्होंने कहा कि दादा सोबरन सोरेन ने महाजनी कुप्रथा, शोषण और दमन के खिलाफ संघर्ष किया। शिक्षा की अलख जलाते हुए उन्होंने शोषित और वंचित समाज को शिक्षित करने का अपना महाअभियान जारी रखा। उन्होंने कहा कि बाबा दिशोम गुरु ने आंदोलन के साथ दादा सोबरन सोरेन के संघर्ष को भी आगे बढ़ाया। आज हमारे वीर पुरुखों और दादाजी के संघर्षों से प्रेरणा लेकर मैं उनके सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहा हूं।
कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मुर्मू, रामगढ़ विधायक ममता देवी, झामुमो केंद्रीय महासचिव फागू बेसरा, रामगढ़ उपायुक्त चंदन कुमार, रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष विनोद किस्कू सहित कई शामिल रहे।