1500 और 5000 मीटर दौड़ में पाया पहला स्थान

बड़कागांव (हजारीबाग): विनोबा भावे विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज एथलेटिक्स में कर्णपुरा महाविद्यालय की छात्रा आशा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया है। हजारीबाग स्थित संत कोलंबस कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कर्णपुरा महाविद्यालय, बड़कागांव की प्रतिभाशाली छात्रा आशा कुमारी ने अपने उत्कृष्ट एवं सशक्त प्रदर्शन से महाविद्यालय, विश्वविद्यालय तथा पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता के दौरान आशा कुमारी ने 1500 मीटर एवं 5000 मीटर जैसी अत्यंत चुनौतीपूर्ण दौड़ स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरा अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से संपूर्ण महाविद्यालय परिवार में हर्ष, गर्व एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
आशा कुमारी की यह उल्लेखनीय सफलता उनके निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ आत्मविश्वास एवं खेल के प्रति अटूट समर्पण का प्रतिफल है। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि कर्णपुरा महाविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक क्षेत्र के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में पूर्णतः सक्षम हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बड़कागांव के माननीय विधायक श्री रोशन लाल चौधरी, महाविद्यालय के सचिव श्री टुकेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक श्री लोकनाथ महतो, श्री बालेश्वर महतो सहित महाविद्यालय के माननीय प्राचार्य डॉ. कीर्ति नाथ महतो, समस्त शिक्षकगण एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने आशा कुमारी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
प्राचार्य डॉ. कीर्ति नाथ महतो ने अपने बधाई संदेश में कहा कि आशा कुमारी की यह उपलब्धि महाविद्यालय में उपलब्ध सकारात्मक शैक्षणिक एवं खेलकूद वातावरण का सशक्त प्रमाण है तथा यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।
निश्चित रूप से आशा कुमारी की यह स्वर्णिम सफलता आने वाले समय में महाविद्यालय के लिए और भी गौरवपूर्ण उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेगी तथा क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

By Admin

error: Content is protected !!